Tricenari

डिप्रेशन से बाहर आने का सफर – थोड़ा थोड़ा करके

कुछ साल पहले की बात है। बाहर से सब ठीक था - घर, परिवार, बच्चे, ज़िम्मेदारियाँ। लेकिन अंदर कुछ खाली-खाली सा लगता था। जैसे कुछ छूट गया हो... या शायद मैं खुद ही कहीं पीछे छूट गई थी।

सुबह उठकर एक ही सवाल मन में आता - "आज भी वही सब करना है?" कोई खुशी नहीं बची थी, और थकावट... वो तो जैसे रगों में भर गई थी। चेहरे पर मुस्कान थी, पर वो बस दिखाने के लिए थी।

शुरुआत में तो समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है। लगा बस थक गई हूं, थोड़ा आराम कर लूंगी तो सब ठीक हो जाएगा। पर हफ्ते, महीने बीतते गए... और वो भारीपन कम नहीं हुआ। मैं चुप हो गई थी - सबसे, खुद से भी।

एक दिन सुबह आईने में देखा तो लगा जैसे मैं अपनी ही परछाईं देख रही हूं। उस दिन पहली बार खुद से पूछा, "क्या मैं ठीक हूं?" और जवाब था - नहीं।

उस दिन से मेरी healing की शुरुआत हुई। बड़ी नहीं, बस छोटी-छोटी चीज़ों से।

डिप्रेशन से बाहर निकलने का रास्ता कोई बड़ा बदलाव नहीं होता - वो रोज़ खुद के लिए लिए गए छोटे-छोटे फैसलों से बनता है...!

मैंने अपने लिए छोटे-छोटे टाइम स्लॉट निकाले। सुबह की चाय खिड़की के पास अकेले बैठकर पीने लगी - बिना फोन, बिना शोर। सिर्फ मैं और मेरी चाय।

मैंने अपनी एक दोस्त से बात की, जो समझती थी। उसने कुछ सलाह नहीं दी, बस सुना। और वो सुनना मेरे लिए बहुत बड़ा सहारा बन गया।

मैंने दिन में 10 मिनट खुद के लिए लिखना शुरू किया। कभी गुस्सा, कभी डर, कभी कुछ नहीं... बस लिखती गई। धीरे-धीरे मन हल्का होने लगा।

फिर मैं टहलने जाने लगी - रोज़ नहीं, पर जब मन करता। आस-पास के पेड़, बच्चों की हंसी, और वो ताज़ी हवा... ये सब जैसे मुझे धीरे-धीरे फिर से जिंदा कर रहे थे।

एक दिन मैंने हिम्मत करके अपने परिवार से बात की। रोते हुए कहा, "मैं ठीक नहीं हूं।" और पहली बार किसी ने कहा, "हम हैं न।" उस दिन पहली बार लगा कि मैं अकेली नहीं हूं।

ये सफर आज भी जारी है। पर अब मैं जानती हूं कि अंधेरा हमेशा नहीं रहता।


 

डिप्रेशन से बाहर आना कोई एक दिन का काम नहीं होता। ये हर दिन खुद के लिए एक छोटा सा कदम उठाने का नाम है। कभी वो सिर्फ नींद पूरी करना होता है, कभी बस रो लेने देना।

आज भी मुश्किलें आती हैं, लेकिन अब मैं खुद को पहचानती हूं। मैं खुद के साथ हूं।

अगर आप भी ये पढ़ रही हैं और खुद को खोया हुआ महसूस करती हैं, तो जान लीजिए - आप अकेली नहीं हैं। और हर छोटा कदम मायने रखता है।