Tricenari

हर रिश्तेदार की एक जैसी बातें! 🤦‍♀️

शादी हो या बच्चों का जन्म, घर की कोई पूजा हो या नया घर लिया हो - भारतीय परिवारों में एक चीज़ कॉमन होती है: रिश्तेदारों की वही पुरानी, दोहराई जाने वाली बातें।

हम सब ने सुनी हैं - "कितनी मोटी हो गई हो!" से लेकर "तुम्हारा बेटा अब तक बोलना नहीं शुरू हुआ?" तक।

पहले ये बातें चुभती थीं, अब हंसी आती है। पर क्या आपने कभी सोचा है कि कैसे हर घर में एक जैसे रिश्तेदार होते हैं? आइए मेरी ज़िंदगी की कुछ कॉमिक झलकियों से समझते हैं, जिन्हें आप शायद अपने घर में भी रोज़ाना जीती हों।

1. वो बुआ जो हर चीज़ में तुलना करती हैं:
"हमारे ज़माने में तो हम पाँच बच्चों को अकेले पाल लेते थे, तुम तो दो में ही थक गई।" इन बुआजी को शायद टाइम मशीन मिल गई है जो इन्हें बार-बार 80 के दशक में ले जाती है।

रिश्तेदार वही, बातें वही - पर हर बार नई हँसी और पुरानी यादें छोड़ जाते हैं...!

2. वो चाची जो हर बात में पूछेंगी – "खर्चा कितना आया?"
फ्रिज दिखाओ – खर्चा कितना आया?
बेटे का स्कूल बताओ – फीस कितनी है?
कभी-कभी लगता है, चाची जी का असली सपना इनकम टैक्स ऑफिसर बनने का था।

3. वो मामी जो डायरेक्ट फिगर पर कमेंट करेंगी:
"अरे तुम्हारा चेहरा तो बहुत फूल गया है, कुछ कर ना बेटा।" आपके बढ़ते वजन से उन्हें उतना ही दुख होता है, जितना शायद महंगाई से सरकार को होता है।

4. वो मौसी जो हर बच्चा देखते ही कहेंगी – "कितना दुबला है!"
फिर शुरू होता है सड़ी हुई सलाहों का दौर – "दूध में मलाई डालो", "घी खिलाओ", "हमारे ज़माने में बच्चे गोलू-मोलू होते थे..."

5. और हाँ, वो फूफा जी जो हर फंक्शन में political debate छेड़ देंगे:
"अरे, ये सरकार कुछ नहीं कर रही…"
जैसे ही हलवा आता है, वो कहते हैं, "वैसे तुम्हारे हाथ में मिठास है, सरकार जैसी कड़वाहट नहीं।" मतलब मुद्दा कोई भी हो, punchline तो पक्की है!


 

6. वो कज़िन जो सबका सोशल मीडिया चेक करके आते हैं:
"तू गोवा कब गई थी? वहाँ तो तेरी बेस्ट फ्रेंड भी थी न?"
उन्हें शायद गुप्त RAW एजेंसी से जॉब ऑफर मिलना चाहिए, इतनी जानकारी तो हम खुद भूल जाएं उतनी इनको याद होती है।

7. और अंत में, वो दादी-नानी जो सबके लिए दुआ और डांट एक साथ लाती हैं:
"भगवान तुम्हारा भला करे... पर यह क्या पहन रखा है?"
दादी की बातें फुल पैकेज होती हैं - blessing, fashion critique और हल्का guilt trip सब एक साथ।

हां, ये बातें कभी-कभी हमें थका देती हैं। लेकिन फिर भी, इन्हीं से तो घर-परिवार की खुशबू है। थोड़ी हँसी, थोड़ा सिर पकड़ने वाला पल - और बहुत सारी यादें।

तो अगली बार जब कोई रिश्तेदार वही घिसी-पिटी बात दोहराए, तो नाराज़ होने से पहले मुस्कुराइए - क्योंकि ये उनकी पहचान है, और हमारी कहानियों का मजेदार हिस्सा भी।